तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय के डीपफेक वीडियो के जरिये ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज

Ads

तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय के डीपफेक वीडियो के जरिये ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 10:12 PM IST

चेन्नई, दो सितंबर (भाषा) तमिलनाडु सीबी-सीआईडी पुलिस ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को दर्शाने वाले एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल करके लोगों को आर्थिक मदद के झूठे वादे के जरिए ठगी करने के आरोप में एक मामला दर्ज किया है।

साइबर अपराध टीम की एक विशेष रिपोर्ट के आधार पर एक सितंबर को यह मामला दर्ज किया गया। टीम ने नियमित साइबर प्रक्रिया के दौरान इस वीडियो का पता लगाया था। सबसे पहले राज्य पुलिस के सोशल मीडिया केंद्र ने इस बारे में अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद साइबर अपराध शाखा के एक निरीक्षक ने फुटेज की जांच की।

एआई के जरिये तैयार किये गए इस वीडियो में मुख्यमंत्री जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति को हिंदी में बात करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में, मुख्यमंत्री जैसा दिखने वाला यह व्यक्ति आर्थिक मदद चाहने वाले लोगों को एक खास व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क करने के लिए कहता है।

यह वीडियो मासूम लोगों को धोखा देने के स्पष्ट इरादे से बनाया गया था तथा फेसबुक और अन्य प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर प्रसार किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि कई अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एआई से बने ऐसे कई डीपफेक वीडियो मौजूद हैं, जिनमें मुख्यमंत्री को आर्थिक मदद देते हुए दिखाया गया है।

पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ फर्जी क्लिप पाकिस्तान आधारित फेसबुक खातों से साझा किये जाने का पता चला है।

सूत्रों के मुताबिक, कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने नकली सोशल मीडिया खातों की जानकारी हासिल करने के लिए मेटा से औपचारिक रूप से संपर्क किया है, जिसमें संबंधित अपलोड लॉग भी शामिल हैं।

भाषा सुभाष माधव

माधव