चेन्नई, आठ मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने अपनी पार्टी और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के बीच की साझेदारी को ‘मजबूत गठबंधन’ बताते हुए रविवार को आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार जीत का भरोसा जताया। वासनिक ने पड़ोसी राज्य पुडुचेरी और तमिलनाडु में चुनावी तैयारियों की दो दिवसीय समीक्षा के बाद जोर दिया कि कांग्रेस चुनिंदा सीट पर चुनाव लड़ेगी लेकिन पार्टी का मुख्य ध्यान गठबंधन की सफलता पर है।
राज्यसभा सदस्य वासनिक ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, “आखिरकार द्रमुक और कांग्रेस का गठबंधन हो गया है। यह एक मजबूत गठबंधन साबित होगा और हमें तमिलनाडु में जनता का समर्थन मिलने का पूरा भरोसा है। मतगणना के बाद आप देखेंगे, राज्य में हमारी सरकार बनेगी।”
कई दिनों की बातचीत के बाद सत्तारूढ़ द्रमुक ने चार मार्च को कांग्रेस को 28 विधानसभा सीट और राज्यसभा की एक सीट आवंटित की।
तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडंकर ने स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि वासनिक ने अपने व्यापक अनुभव के आधार पर उन्हें कुछ दिशा-निर्देश दिए क्योंकि वह तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस के प्रभारी भी रह चुके हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि उनके (वासनिक) द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के साथ, हम तमिलनाडु और पुडुचेरी में सरकार बनाएंगे।”
गिरीश ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस की क्षेत्रीय इकाइयों के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा, “दोनों राज्यों में नेतृत्व में जबरदस्त उत्साह है। हमने देखा है कि संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।”
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश