तमिलनाडु : युवक के परिवार ने हिरासत में प्रताड़ना से मौत का आरोप लगाया

Ads

तमिलनाडु : युवक के परिवार ने हिरासत में प्रताड़ना से मौत का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 09:19 PM IST

मदुरै (तमिलनाडु), आठ मार्च (भाषा) मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार 26 वर्षीय युवक की हिरासत में मौत के बाद रविवार को परिजनों ने मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में हंगामा किया।

मृत युवक के माता-पिता ने मनमदुरै पुलिस पर हिरासत में यातना दिए जाने और जाति के आधार पर भेदभाव का आरोप लगाया।

मृत युवक की पहचान आकाश डेलिसन (26) के रूप में हुई है, जो कृष्णा राजपुरम रहने वाला था। उसे शुक्रवार को जायन नगर में दो व्यक्तियों पर हमले के आरोप में एक अन्य युवक गुना (23) के साथ गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आकाश का गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में गिरने से दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था। मनमदुरै न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 18 मार्च तक रिमांड आदेश के बाद युवक को इलाज के लिए मदुरै सरकारी राजाजी अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि आकाश को रविवार तड़के सांस लेने में तकलीफ हुई और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई।

हालांकि, अस्पताल में पत्रकारों से बात करते हुए युवक के पिता राजेश कन्नन और मां आनंदी ने मनमदुरै पुलिस थाने के कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए।

पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस आकाश को जांच के बहाने एक सुनसान जंगल में ले गई। राजेश कन्नन ने पत्रकारों को बताया, ‘‘उन्होंने (पुलिस) आकाश के पैरों पर पत्थर रखकर उसे तब तक पीटा जब तक उसकी हड्डियां टूट नहीं गईं।’’

परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस दौरान आकाश को जातिवादी अपशब्द कहे।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप