चेन्नई, 10 मई(भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक)अध्यक्ष एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि तमिलनाडु का कर्ज ‘अनुमेय सीमा’ के भीतर ही है।
उनकी यह टिप्पणी मुख्यमंत्री चंद्रशेखर जोसेफ विजय के उस आरोप के कुछ घंटों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछली सरकार ने राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लाद दिया है और खजाने को खाली कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तमिलनाडु का ऋण स्तर अनुमेय सीमा के भीतर है। अभी से यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने फरवरी के बजट में ही तमिलनाडु सरकार की वित्तीय स्थिति स्पष्ट रूप से बता दी थी। क्या आपको यह जानकारी नहीं थी? इसके बाद ही आपने जनता से इतने सारे वादे किए। जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उन्हें धोखा न दें और मुद्दे को भटकाने की कोशिश न करें।’’
स्टालिन ने कहा कि विजय ने हाल ही में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाली हैं, इसलिए वह धीरे-धीरे शासन और चुनावी वादों को पूरा करने में आने वाली चुनौतियों को समझ जाएंगे।
विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए द्रमुक प्रमुख ने कहा,‘‘विजयी टीवीके नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को इस जिम्मेदारी को संभालने पर मैं अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश