हैदराबाद, 28 जुलाई (भाषा) तेलंगाना में भारी बारिश से फसलों और सड़कों को हुए नुकसान सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए 31 जुलाई को मंत्रिमंडल की बैठक होगी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुक्रवार को कहा गया कि भारी बारिश के मद्देनजर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की बैठक में समीक्षा की जाएगी।
बैठक में, कृषि क्षेत्र में उठाए जाने वाले वैकल्पिक कदमों पर भी चर्चा की जाएगी क्योंकि राज्य में ऐसे समय भारी बारिश हुई है जब कृषि संबंधी गतिविधियां जारी हैं।
बारिश के कारण सड़कों को हुए भारी नुकसान को देखते हुए युद्ध स्तर पर उन्हें ठीक करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर भी बैठक में चर्चा होगी।
विज्ञप्ति के अनुसार राज्य संचालित तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि के संबंध में भी मंत्रिमंडलीय बैठक में विचार किया जाएगा।
भाषा अविनाश नरेश
नरेश