तेलंगाना: झील में तीन नाबालिग बेटियों को डुबोने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

तेलंगाना: झील में तीन नाबालिग बेटियों को डुबोने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 09:39 PM IST

हैदराबाद, आठ मार्च (भाषा) तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में एक ऑटो रिक्शा चालक को तीन नाबालिग बेटियों की झील में डुबोकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ऑटो चालक और उसकी पत्नी ने छह मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी तीन बेटियां (उम्र 8, 6 और 5 साल) लापता हैं।

मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू करने वाली पुलिस ने स्थानीय निवासियों से पूछताछ करके और एक मैसेजिंग ऐप पर लड़कियों की तस्वीरें प्रसारित करके उनकी तलाश की।

पुलिस के मुताबिक जब उससे पूछा गया कि उसने लड़कियों को आखिरी बार कहां देखा था, तो उस व्यक्ति ने विरोधाभासी जवाब दिए और जांच को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान और उसकी गतिविधियों पर नज़र रखने के बाद पता चला कि वह लड़कियों को कस्बे की एक झील पर ले गया और उन्हें उसमें फेंक दिया।

उन्होंने बताया कि व्यसनों का आदी वह व्यक्ति आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा था। पुलिस ने बताया कि तीनों बेटियों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा था, इसलिए उसने लड़कियों को खत्म करने का फैसला किया।

उन्होंने आगे बताया कि अपनी योजना के अनुसार, उसने 6 मार्च की सुबह किसी बहाने से तीनों लड़कियों को झील पर ले जाकर एक-एक करके झील में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश