पंजाब हरियाणा में कई जगह तापमान गिरा,कोहरे से घटी दृश्यता

Ads

पंजाब हरियाणा में कई जगह तापमान गिरा,कोहरे से घटी दृश्यता

  •  
  • Publish Date - January 25, 2021 / 11:42 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:10 PM IST

चंडीगढ़, 25 जनवरी (भाषा) पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। बठिंडा में पारा 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह में राज्य के कई स्थानों पर कोहरे की गहरी चादर फिर से छा गई, जिससे दृश्यता का स्तर कम हो गया।

कुछ दिन तक पारा सामान्य से अधिक रहने के बाद, रात का तापमान फिर से गिर गया है।

पंजाब में बठिंडा सबसे सर्द इलाका रहा जबकि फरीदकोट में भी न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अमृतसर में तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पंजाब के पठानकोट, आदमपुर और हलवारा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 6.2, 6.5 और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, पटियाला और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 10.6 और 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक था।

हरियाणा में सबसे सर्द इलाका हिसार रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि नारनौल में न्यूनतम पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सिरसा में पारा 5.1, रोहतक में 7.6 और भिवानी में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बहरहाल अंबाला और करनाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अंबाला में पारा 9.6 तो करनाल में नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दोनों राज्यों की साझी राजधानी चंडीगढ़ में भी तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया।

इस बीच विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ समेत दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों पर दिन में शीत लहर का चलना जारी रह सकता है।

भाषा

नोमान प्रशांत

प्रशांत