नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज तीन इलाके में 29 वर्षीय युवक का बृहस्पतिवार को शव पाया गया।
पुलिस ने बताया कि शव पर चोट के निशान हैं और शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि वह एक इमारत की छत से गिरा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद अशरफ के रूप में हुई है, जो पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर क्षेत्र के घरौली गांव का निवासी था।
अधिकारियों ने कहा कि गाजीपुर थाने को शिव मंदिर चौक के पास एक पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच के दौरान, टीमों को पता चला कि अशरफ नोएडा में दर्जी का काम करता था और हाल में बेंगलुरु से लौटा था।’’
उन्होंने बताया कि उसका अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद था, जो हाल में पास के ही एक इलाके में अपनी बहन के साथ रहने लगी थी।
पुलिस ने बताया कि अशरफ को शराब पीने की आदत थी और उसने बुधवार को भी शराब पी थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इलाके से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और प्रथम दृष्टया संकेत मिला कि पीड़ित किसी इमारत की छत से गिर गया था।’’
अपराध दल और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारी ने बताया कि जांच अभी जारी है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष