सीबीआई ने ईडी की पूछताछ के दौरान आरोपी पर हुए हमले के सिलसिले में मामला दर्ज किया
सीबीआई ने ईडी की पूछताछ के दौरान आरोपी पर हुए हमले के सिलसिले में मामला दर्ज किया
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) झारखंड के रांची में ‘पेयजल’ घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति पर कथित हमले के संबंध में सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रांची उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई ने इस मामले को अपने हाथ में लिया है।
कथित घोटाले के मुख्य आरोपी संतोष कुमार ने दावा किया था कि उसे ईडी के रांची कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां 12 जनवरी को सहायक निदेशक प्रतीक और सहायक शुभम ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से धन के कथित गबन के संबंध में उससे पूछताछ की थी।
स्थानीय पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कुमार ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारियों ने उसके साथ मारपीट की जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। कुमार का आरोप है कि उसे अस्पताल ले जाया गया और फिर वापस कार्यालय लाया गया, जहां उस पर दबाव बनाकर एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करने को कहा गया।
दोनों अधिकारियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने कहा कि मामले को सीबीआई को सौंपने के लिए एक असाधारण परिस्थिति है।
दोनों अधिकारियों ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने और मामले को एक स्वतंत्र एजेंसी को सौंपने का अनुरोध किया था।
न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी ने कहा, ‘‘उक्त आरोप केंद्रीय सरकारी एजेंसी के खिलाफ लगाए गए हैं। इसे देखते हुए, एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा निष्पक्ष जांच समय की आवश्यकता है। इस स्थिति को देखते हुए, न्यायालय का मानना है कि मामले को सीबीआई को सौंपने के लिए एक असाधारण परिस्थिति है।’’
भाषा देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


