बरेली हिंसा मामले में तौकीर रजा की जमानत अर्जी पर सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी
बरेली हिंसा मामले में तौकीर रजा की जमानत अर्जी पर सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी
प्रयागराज, 12 मार्च (भाषा) बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी।
तौकीर रजा और कई अन्य लोगों की जमानत याचिका पर न्यायमूर्ति आशुतोष श्रीवास्तव की अदालत में सुनवाई हो रही है। तौकीर रजा बरेली हिंसा मामले में 13 अक्टूबर, 2025 से जेल में बंद हैं।
अभियोजना पक्ष के मुताबिक, 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा ने एक विशेष समुदाय के लोगों को बरेली के इस्लामिया इंटर कॉलेज परिसर में एकत्रित होने का आह्वान किया था। बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहने के बावजूद करीब 200-250 लोगों की भीड़ जमा हुई और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज से श्यामगंज चौराहा की तरफ कूच किया।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, तख्ती लिए इस भीड़ ने भड़काऊ नारे लगाए और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की चेतावनी को नजरअंदाज किया। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब आरोपी व्यक्ति आक्रामक हो गए और आगे बढ़ने पर अड़ गए।
इसके बाद, उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और तेजाब की बोतलें फेंकी।
अभियोजन के मुताबिक, इस दौरान भीड़ की तरफ से पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी भी की गई।
प्राथमिकी के मुताबिक, उस हिंसा में पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई और दो अधिकारियों को चोटें भी आईं। यह भी आरोप है कि भीड़ की आक्रामक कार्रवाई से उस क्षेत्र में आतंक का माहौल बन गया जिससे पुलिस को आत्मरक्षा के लिए हवाई गोलीबारी करनी पड़ी।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


