जम्मू, 19 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) ने मंगलवार को जम्मू में अपने नवीनीकृत मुख्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की स्मृति में ‘राजीव भवन’ रखा। गांधी की पुण्यतिथि 21 मई से पहले यह फैसला लिया गया।
जेकेपीसीसी अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी ने यह निर्णय देश के प्रति गांधी के योगदान का सम्मान करते हुए लिया है।
पार्टी ने उनके सम्मान में एक सप्ताह तक संगठनात्मक और चिकित्सा संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया है।
उन्होंने कहा, “हम आने वाला पूरा सप्ताह श्री राजीव गांधी को समर्पित कर रहे हैं।”
साथ ही उन्होंने बताया कि भवन का उद्घाटन 21 मई को होगा।
राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कर्रा ने कहा, “उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन बलिदान किया और उनके इस बलिदान के कारण आज देश एक मजबूत धागे की तरह जुड़ा हुआ है, जिसे वर्तमान भाजपा नेता कमजोर करना चाहते हैं।”
भाषा जोहेब माधव
माधव