नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह एक प्रचार (प्रोपेगेंडा) फिल्म है, जो लोगों को बांटने और नफरत फैलाने की कोशिश करती है।
केना पुंडा द्वारा निर्देशित, ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ 2023 में आई फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है और यह 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है।
इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में कश्यप से इस फिल्म के बारे में उनकी राय पूछी गई। वह ‘फिल्मफेयर अवार्ड्स साउथ’ में भाग लेने के लिए कोच्चि में थे।
वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘यह पूरी तरह प्रचार पाने वाली फिल्म है, यह लोगों को बांटने और नफरत फैलाने की कोशिश करती है, निर्माता लालची है…ऐसे तो लोग खिचड़ी भी नहीं खिलाते जैसे फिल्म में गोमांस खिला रहे हैं।’’
फिल्म के ट्रेलर जारी होने के बाद दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली हैं। कई यूजर्स ने फिल्म को दुष्प्रचार से प्रेरित बताया है और फिल्म में दिखाए गए गोमांस के दृश्य पर भी आपत्ति जताई है।
‘द केरल स्टोरी’ का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश