बेंगलुरु, नौ मार्च (भाषा) बेंगलुरु में एक व्यक्ति को अपनी महिला साथी के स्कूटर देने से मना करने पर उसे और उसके माता पिता को आग के हवाले करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान नंदिनी लेआउट निवासी पांडुरंगा (32) के रूप में की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली सुमालता (27) और उसके माता-पिता बुरी तरह से झुलस गए जो फिलहाल यहां एक अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ताराबनाहल्ली स्थित सुमालता के घर गया और उससे उसका स्कूटर उसे सौंपने के लिए कहा। सुमालता के इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई जिसमें महिला के माता-पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
इसी दौरान गुस्से में आकर पांडुरंगा ने कथित तौर पर उन पर बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सोलादेवानाहल्ली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश