कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नाम, कोष और चुनाव चिह्न ‘दो फूल’ को लेकर चल रही खींचतान के बीच, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला पार्टी का गुट बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ से मुलाकात करेगा।
ऋतब्रत नीत गुट के नेताओं ने बुधवार को बताया कि उनके धड़े का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को दोपहर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य निर्वाचन आयुक्तों से मुलाकात करेगा।
बनर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कल निर्वाचन आयोग के साथ हमारी मुलाकात निर्धारित है। बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस के 10 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ से मुलाकात करेगा।’’
हालांकि, बनर्जी ने बैठक का एजेंडा बताने से इनकार कर दिया।
ऋतब्रत बनर्जी नीत गुट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग के सामने दावा पेश कर सकता है कि वही ‘असली’ तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करता है और उसे पार्टी की वैध संगठनात्मक और विधायी इकाई के तौर पर मान्यता मिलनी चाहिए।
बागी धड़े के एक नेता ने कहा कि वे यह दलील देंगे कि उन्हें पार्टी के अधिकतर संगठनात्मक पदाधिकारियों और निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल है, और इसलिए पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर उनका जायज दावा है।
यह बैठक ऋतब्रत बनर्जी के करीबी नेताओं की पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों के साथ हुई मुलाकात के कुछ दिनों बाद हो रही है, जिसमें उन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे विवाद पर अपना पक्ष रखा था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली हार के बाद पार्टी की अंदरुनी कलह सामने आ गई और विधायकों के एक बड़े धड़े ने ममता बनर्जी के नेतृत्व से अलग होकर नया गुट बना लिया।
दोनों प्रतिद्वंद्वी गुट पार्टी संगठन, विधायी इकाई और राजनीतिक पहचान को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और अपने-अपने धड़े के असली तृणमूल कांग्रेस होने का दावा कर रहे हैं।
भाषा धीरज वैभव
वैभव