जम्मू कश्मीर विधानसभा का सात दिवसीय शरद सत्र सोमवार से

Ads

जम्मू कश्मीर विधानसभा का सात दिवसीय शरद सत्र सोमवार से

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 06:42 PM IST

श्रीनगर, 20 सितंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा का शरद सत्र 21 सितंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें सात बैठकें होंगी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पीडीपी सहित विपक्षी दल नौकरियों और चुनावी वादों को पूरा करने में ‘‘विफलता’’ जैसे मुद्दों पर उमर अब्दुल्ला सरकार को घेरने की योजना बना रहे हैं।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायक और उसका समर्थन करने वाले निर्दलीय सदस्य रविवार को बाद में यहां बैठक करेंगे, जिसमें सत्ता पक्ष की सदन में रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस विधायक दल का नेतृत्व उमर अब्दुल्ला करेंगे। फारूक अब्दुल्ला फिलहाल विधानसभा के सदस्य नहीं हैं।

विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है।

भाजपा नेता सरकारी नौकरियों में आउटसोर्सिंग, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और पंचायत तथा शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव कराने में देरी का मुद्दा उठाने की योजना बना रहे हैं।

सरकार को घेरने के लिए भाजपा बिजली शुल्क में बढ़ोतरी और चुनावी वादे पूरे न किए जाने का मुद्दा भी उठाएगी।

वहीं, पीडीपी ने कहा कि वह बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों में आउटसोर्सिंग, आरक्षण नीति और सरकारी सेवा में दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण से जुड़े मुद्दे उठाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर द्वारा जारी अनंतिम कैलेंडर के अनुसार, सत्र की शुरुआत 21 सितंबर को दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। अगले दिन सदन में सरकारी विधायी कामकाज शुरू होगा।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश