नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बावरिया गिरोह से कथित रूप से जुड़े एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी जयप्रकाश उर्फ बिट्टू (50) पर हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी और शस्त्र अधिनियम के तहत दिल्ली के विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पांच जून को बावरिया गिरोह के एक सक्रिय सदस्य की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी।
उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने बताया कि ‘इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम’ (आईसीजेएस), ‘ई-प्रिजन पोर्टल’ और स्थानीय खुफिया जानकारी सहित तकनीकी निगरानी का उपयोग करते हुए, बुराड़ी थाने की एक टीम ने उसी दिन संत नगर बाजार से जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान, जयप्रकाश ने खुलासा किया कि वह बावरिया गिरोह का सक्रिय सदस्य था और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मुकुंदपुर और आसपास के इलाकों में किराए के मकानों में रहता था।
अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य अक्सर अलग-अलग राज्यों की यात्रा करते और ट्रेनों में सोने के गहने पहन कर यात्रा करने वाली महिलाओं को कथित तौर पर निशाना बनाते थे।
पुलिस ने बताया कि अपराध करने के बाद वे गिरफ्तारी से बचने के लिए नियमित रूप से अपना ठिकाना बदल लेते।
पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों में 32 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश