‘कांग्रेस-मुक्त’ भारत का सपना देखने वालों में संसद में आकर सामना करने का साहस नहीं : प्रतापगढ़ी

Ads

‘कांग्रेस-मुक्त’ भारत का सपना देखने वालों में संसद में आकर सामना करने का साहस नहीं : प्रतापगढ़ी

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 07:10 PM IST

जयपुर, 16 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ का सपना देखते हैं, उनमें संसद में आकर कांग्रेस का सामना करने का साहस नहीं है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष प्रतापगढ़ी ने जयपुर में आयोजित ‘पैगाम-ए-मोहब्बत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते की “साजिश” का असर आने वाले दिनों में देश के किसानों और छोटे व्यापारियों पर साफ दिखाई देगा।

प्रतापगढ़ी ने कहा कि देश मौजूदा समय में एक कठिन दौर से गुजर रहा है और लोगों को राहुल गांधी में एक उम्मीद की किरण दिखाई देती है।

कांग्रेस नेता ने कहा, “हम राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के सेल्समैन हैं। नफरत के सेल्समैन देश के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहे हैं। अगर नेता मजबूत होता है, तो वह रास्ता दिखाता है। नफरत बड़ी हो सकती है लेकिन अंत में जीत मोहब्बत की होती है।”

प्रतापगढ़ी ने कहा, “राहुल गांधी इस कठिन समय में हवाओं का रुख बदल रहे हैं।”

‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों लोग राहुल गांधी के साथ खड़े रहे।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने नफरत के खिलाफ पैदल यात्रा की, लेकिन भाजपा के नेता नफरत के खिलाफ चार किलोमीटर भी नहीं चल पाए।”

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी राजस्थान में भाजपा सरकार को मजबूती से चुनौती देगी।

डोटासरा ने भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य की आलोचना करते हुए कहा कि कभी उन्हें (आचार्य) लाउडस्पीकर से समस्या होती है, कभी ठेलों से और कभी गरीबों से।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “विधायक का काम अपने क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना, विकास पर ध्यान देना और जनकल्याण के मुद्दे सरकार के सामने उठाना है। ऐसे लोगों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने कहा कि चाहे संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार हो या राज्य में पिछली कांग्रेस सरकार, इतना काम हुआ कि भाजपा उसकी बराबरी नहीं कर सकती।

डोटासरा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को गुमराह कर प्रधानमंत्री पद हासिल किया। पहला लोकसभा चुनाव झूठ बोलकर जीता, दूसरा सेना के शौर्य के पीछे छिपकर और तीसरा ‘वोट चोरी’ से। जो व्यक्ति अपनी ताकत पर चुनाव नहीं जीत सकता या अपनी नीतियां पेश नहीं कर सकता, वह कांग्रेस से 70 साल का हिसाब मांगता है लेकिन अपने 10 साल का हिसाब नहीं दे सकता। इन्हें जनता के सामने बेनकाब करना होगा।”

भाषा

बाकोलिया

रवि कांत