दक्षिण दिल्ली में बड़ी चोरी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

Ads

दक्षिण दिल्ली में बड़ी चोरी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - January 3, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - January 3, 2026 / 08:11 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जनवरी (भाषा) दक्षिण दिल्ली में एक बुजुर्ग महिला के घर में कथित तौर पर चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चोरी के आभूषण, नकदी और स्कूटर बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 30 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान इशाक उर्फ ​​कलुआ (24), पवन (26) और भरत उर्फ ​​विक्की (23) के रूप में हुई है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि पवन और भरत अंबेडकर नगर पुलिस थाना क्षेत्र के सक्रिय ‘बदमाश’ हैं।

उनके अनुसार, यह मामला एक जनवरी को हुई एक चोरी से संबंधित है, जब एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि सुबह बाहर से घर लौटने पर उसने मुख्य द्वार का हैंडल टूटा हुआ पाया और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी के रूप में उनकी जीवन भर की बचत गायब पाई गई।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर, तीनों आरोपियों को साकेत के पुष्प विहार इलाके में उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे चोरी के स्कूटर पर सवार होकर चोरी के गहने और नकदी ले जा रहे थे।

पुलिस ने कहा कि आरोपी की अन्य इसी तरह के मामलों में संलिप्तता की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा तान्या रंजन

रंजन