सिलचर, नौ दिसंबर (भाषा) असम के कछार जिले से दो महिलाओं समेत तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों को कटिगोरा क्षेत्र में एक गश्ती दल ने उस समय पकड़ा जब वे एक कार में यात्रा कर रहे थे।
उन्होंने बताया, ‘‘तीनों बांग्लादेश के हबीगंज के निवासी हैं और उनकी पहचान झूमा दास, करुणा रानी दास और रिमोन वैष्णव के रूप में हुई है। ये सभी कटिगोरा सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुए थे।’’
अधिकारी ने बताया कि विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत लाने में कथित भूमिका के लिए कटिगोरा के दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और आगे की जांच के लिए उन्हें सिलचर भेज दिया।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश