बदायूं (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) बदायूं जिले के वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के नेपाल से चंडीगढ़ जा रही एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई तथा छह लोग घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 175 के पास यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि नेपाल के अलग-अलग क्षेत्रों के आठ लोग टैक्सी से रुपईडीहा से चंडीगढ़ जा रहे थे लेकिन तभी अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में नेपाल की दीपना खात्री (32) और विपना सुनमगर (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय एक अज्ञात युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में कार चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडेल (22), दो वर्षीय विनोद और 10 वर्षीय सिमोन घायल हो गये, जिन्हें जिला अस्पताल में ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये ले जाया गया है और पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
भाषा सं. सलीम
राजकुमार
राजकुमार