नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर रविवार को विमान के उड़ान भरने के प्रयास के दौरान हुई घटना में घायल तीन यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक यात्री की चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है।
इस घटना में कुल पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें चालक दल का एक सदस्य भी शामिल है। घटना उस समय हुई जब ज्यूरिख जा रहा विमान उड़ान भरने की कोशिश कर रहा था। विमान में कुल 245 लोग सवार थे।
विमानन कंपनी के अनुसार, रविवार तड़के करीब एक बजे दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली उड़ान एलएक्स147 (विमान पंजीकरण एचबी-जेएचके) के रवाना होने के दौरान विमान के एक इंजन में समस्या आ गई।
विमान में 228 यात्री, चार बच्चे और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।
विमानन कंपनी ने कहा, “तीन यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक यात्री अब भी चिकित्सा देखभाल में है।”
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश