मिजोरम में करंट लगने से 16 वर्षीय लड़के समेत तीन लोगों की मौत

Ads

मिजोरम में करंट लगने से 16 वर्षीय लड़के समेत तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 06:50 PM IST

आइजोल, 20 सितंबर (भाषा) मिजोरम के कोलासिब जिले में राजमार्ग परियोजना स्थल पर बिजली के खंभे को स्थानांतरित करने के दौरान करंट लगने से 16 वर्षीय लड़के समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे कोलासिब के सेथॉन इलाके में हुई, जहां छह मजदूर चार लेन वाली राजमार्ग परियोजना के तहत बिजली के खंभे को हटाने के काम में जुटे हुए थे।

कोलासिब के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लालरिनपुइया वार्ते ने बताया कि ये मजदूर उस उप-ठेकेदार के लिए काम कर रहे थे, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग-306 के चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभों को बदलने का काम सौंपा गया था।

संबंधित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) की ओर से संचालित की जा रही है। एनएच-306 मिजोरम को असम से जोड़ने वाला राज्य का प्रमुख सड़क मार्ग है।

वार्ते ने बताया कि जान गंवाने वालों में से दो लोग म्यांमा से थे, जबकि एक व्यक्ति मणिपुर से था।

उन्होंने कहा कि जीवित बचे मजदूरों ने पुलिस को बताया कि काम शुरू करने से पहले उन्होंने तीन अलग-अलग स्थानों पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी और उन्हें यह जानकारी नहीं है कि घटनास्थल तक बिजली कैसे पहुंची।

अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मजदूरों ने नियंत्रण कक्ष से बिजली बंद करने के अनुरोध के बाद गलत जीओएबी (गैंग ऑपरेटेड एयर ब्रेक स्विच) बंद कर दिया था।

उन्होंने कहा कि खंभा हटाने की कोशिश के दौरान वह उच्च वोल्टेज वाले तार के संपर्क में आ गया, जिससे मजदूरों को करंट लग गया।

पुलिस ने बताया कि अभी तक इस घटना के सिलसिले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

भाषा शोभना पारुल

पारुल