बाराबंकी/सहारनपुर (उप्र), छह अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और सहारनपुर क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बाराबंकी जिले के दरियाबाद क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक पुरानी दीवार गिरने से उसके मलबे में दबने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी तथा तीन अन्य जख्मी हो गये।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सहारनपुर में भी एक कच्चा मकान गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलचप्पा कलां अलियाबाद गांव में आज पांच बच्चे खेलते वक्त गांव की एक गली से गुजर रहे थे, तभी वर्षों पुरानी ईंट की दीवार अचानक ढह गयी, जिसके मलबे में वे दब गये।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार दीवार गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मलबे में दबे बच्चों को निकाला लेकिन तब तक हुजैफा (सात) और हाजरा बानो (14) की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि घटना में हस्सान (आठ), हानिया (चार) तथा अदनान (14) गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस दीवार के गिरने से यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर थी और लगातार बारिश के कारण उसकी हालत और भी ज्यादा खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि कई बार दीवार के मालिक से इसे गिराने या मरम्मत कराने की मांग की गयी थी, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर से मिली खबर के मुताबिक जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के घाघरेकी गांव में बुधवार देर रात बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक ढह गये, जिसके मलबे में दबने से शमा (छह) की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
भाषा सं. सलीम रंजन
रंजन