ऊना, 29 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के संतोखगढ़ इलाके में रविवार सुबह एक एलपीजी गैस टैंकर के दो टिपर ट्रकों से टकराने के बाद तीन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाकों के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और घायल चालकों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।
इसके बाद सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दुर्घटना के कारण संतोखगढ़ पुल पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और यातायात को सुचारू करने का काम शुरू किया।
यह उल्लेखनीय है कि इससे ठीक एक दिन पहले, 28 मार्च की रात को संतोखगढ़ के गौशाला चौक पर एक और भीषण दुर्घटना हुई थी, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर एक दुकान में टक्कर दे मारी थी।
हालांकि उस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इससे संपत्ति को काफी नुकसान हुआ।
इन बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं ने स्थानीय निवासियों के बीच भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, जो तर्क देते हैं कि प्रशासन को क्षेत्र में बढ़ते यातायात को नियंत्रित करने और तेज गति से वाहन चलाने पर अंकुश लगाने के लिए सख्त उपाय करने चाहिए।
इस बीच, संतोखगढ़ पुलिस चौकी ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई फिलहाल जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश