सलमान खान आवास गोलीबारी: अनमोल बिश्नोई ‘निष्पक्ष सुनवाई’ के लिए अदालत में आत्मसमर्पण का इच्छुक

Ads

सलमान खान आवास गोलीबारी: अनमोल बिश्नोई ‘निष्पक्ष सुनवाई’ के लिए अदालत में आत्मसमर्पण का इच्छुक

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 10:36 PM IST

मुंबई, दो जुलाई (भाषा) दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की एक विशेष अदालत में अर्जी दायर कर ‘‘निष्पक्ष सुनवाई और न्याय के हित में’’ 2024 में अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में आत्मसमर्पण की बात कही है।

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल को पिछले साल नवंबर में अमेरिका से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया था और बाद में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उसे गिरफ़्तार किया। वह कई मामलों में वांछित था।

वह सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में वांछित आरोपी है, जिसकी जांच मुंबई पुलिस कर रही है।

विशेष मकोका अदालत में दायर याचिका में अनमोल ने कहा कि वह ‘‘निष्पक्ष सुनवाई और न्याय के हित में चल रहे मुकदमे का सामना करने और न्यायिक कार्यवाही में शामिल होने’’ के लिए स्वेच्छा से अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहता है।

उसने कहा कि वह पहले से ही ‘‘एक अन्य मामले में (एनआईए की) हिरासत’’ में हैं और अदालत के उचित आदेश के बिना वह अदालत के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकता।

अनमोल ने अदालत से अनुरोध किया कि उसे पेश करने के लिए तिहाड़ जेल को प्रोडक्शन वारंट जारी किया जाए।

आवेदन में कहा गया कि मामले की सुनवाई शुरू हो चुकी है और उसकी अनुपस्थिति में तीन गवाहों से पहले ही पूछताछ की जा चुकी है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश