दिल्ली में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के कारण यातायात प्रतिबंध से यात्रियों को परेशानी

दिल्ली में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के कारण यातायात प्रतिबंध से यात्रियों को परेशानी

दिल्ली में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के कारण यातायात प्रतिबंध से यात्रियों को परेशानी
Modified Date: January 21, 2025 / 02:33 pm IST
Published Date: January 21, 2025 2:33 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जनवरी (भाषा) गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण मंगलवार को मध्य दिल्ली में भारी यातायात जाम रहा, जिससे सैकड़ों यात्री और वाहन सड़कों पर फंस गए।

कर्तव्य पथ के पास भारी यातायात जाम की तस्वीर पोस्ट करते हुए एक यूजर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली यातायात पुलिस से यातायात प्रबंधन के लिए कहना बेकार है? पूरी मध्य दिल्ली जाम में फंसी हुई है।’’

कुछ यूजर्स ने बताया कि वे काम के लिए देर से पहुंचे या दिल्ली की सड़कों पर जाम की वजह से काम पर नहीं जाना चाहते थे।

दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में भी भारी यातायात जाम की खबर है। एक यात्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि वे एमबी रोड पर दो घंटे तक यातायात जाम में फंसे रहे।

मेट्रो का विकल्प चुनने वाले कुछ यात्रियों ने गणतंत्र दिवस से पहले कड़ी सुरक्षा जांच के कारण स्टेशनों पर लंबी कतारों की शिकायत की।

एक यूजर ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें मेट्रो स्टेशन पर लंबी कतार दिख रही है। यूजर ने पोस्ट में लिखा, ‘‘दिल्ली मेट्रो कृपया हम काम के इतने व्यस्त समय में यह सब नहीं झेल सकते। हम भारी यातायात से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। कॉरपोरेट जीवन जीने वालों के लिए यह बड़ा व्यस्त समय होता है। हम सभी जानते हैं कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) नजदीक है, लेकिन इस व्यस्त समय में हम ये सब नहीं झेल सकते।’’

दिल्ली पुलिस ने पहले एक यातायात परामर्श जारी किया था और कहा था कि कर्तव्यपथ पर परेड की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चार दिन विशेष यातायात की व्यवस्था की गई है।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में