बारिश से रेलवे पटरी के नीचे की मिट्टी बही, बारिपदा-बांगिरिपोसी मार्ग पर ट्रेन सेवाएं निलंबित

Ads

बारिश से रेलवे पटरी के नीचे की मिट्टी बही, बारिपदा-बांगिरिपोसी मार्ग पर ट्रेन सेवाएं निलंबित

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 01:14 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 01:14 PM IST

बारिपदा (ओडिशा), 17 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से रेल की पटरियों के नीचे की मिट्टी बह जाने के बाद बारिपदा-बांगिरिपोसी रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बारिश का पानी आने के कारण करीब 50 मीटर तक पटरियों के नीचे की मिट्टी और कंक्रीट बह गया। यह घटना स्टेशन बाजार क्षेत्र के सुनागड़िया के पास हुई।

दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बेतनोटी और भंजपुर के बीच केएम 52/2 से 52/3 के बीच एलसी-36 के पास भूस्खलन की सूचना मिली है। ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और मरम्मत एवं बहाली का काम जारी है।’’

रेल की पटरियों को हुए नुकसान का पता रविवार देर रात एक डीएमयू ट्रेन के गुजरने के दौरान चला। इससे पहले पुरी-बांगिरिपोसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस इस हिस्से से गुजर चुकी थी।

अधिकारी ने बताया कि इस मार्ग पर ट्रेन परिचालन रविवार रात से ही रोक दिया गया है।

इस बीच, रेलवे के रखरखाव दल ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। कर्मचारी आधी रात से ही घटनास्थल पर मार्ग बहाल करने के कार्य में जुटे हुए हैं।

अधिकारी ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने और मार्ग को ट्रेनों के परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं दोबारा शुरू होने की संभावना है।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा