मृत बहन का कंकाल लेकर उसके खाते से पैसे निकालने पहुंचा आदिवासी व्यक्ति

Ads

मृत बहन का कंकाल लेकर उसके खाते से पैसे निकालने पहुंचा आदिवासी व्यक्ति

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 10:21 PM IST

क्योंझर, 27 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के क्योंझर जिले में एक आदिवासी व्यक्ति सोमवार को अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक में उसके नाम पर जमा पैसे निकालने पहुंचा। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना क्योंझर जिले के पटना ब्लॉक में स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा में हुई। व्यक्ति की पहचान डियानाली गांव के जीतू मुंडा (50) के रूप में हुई है। उसकी बड़ी बहन कालरा मुंडा (56) की मृत्यु 26 जनवरी 2026 को हुई थी और उसके बैंक खाते से 20,000 रुपये निकालना चाहता था।

निरक्षर जीतू मुंडा ने पत्रकारों को बताया, ‘मैं कई बार बैंक गया और वहां के लोगों ने मुझे खाताधारक को लाने के लिए कहा ताकि उसके नाम पर जमा धन निकाला जा सके। हालांकि मैंने उन्हें बताया कि उसकी मृत्यु हो चुकी है फिर भी उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी और उसे बैंक लाने पर अड़े रहे। इसलिए हताशा में आकर मैंने उसकी कब्र से उसकी मृत्यु के प्रमाण के रूप में उसका कंकाल निकाल लिया।’

सूचना मिलने पर बैंक पहुंचे पटना थाने के प्रभारी निरीक्षक (आईआईसी) किरण प्रसाद साहू ने कहा, ‘जीतू एक अनपढ़ आदिवासी है। उसे नहीं पता कि कानूनी वारिस या ‘नामित’ क्या होता है। बैंक अधिकारी उसे मृतक के खाते से पैसे निकालने की प्रक्रिया समझाने में विफल रहे हैं।’

हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने जीतू मुंडा को आश्वासन दिया कि वे उसकी मृत बहन के बैंक खाते से पैसे निकलवाने में मदद करेंगे। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

भाषा

शुभम माधव

माधव