कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस नेता जयप्रकाश मजूमदार को जमानत दे दी। उन्हें एक अपार्टमेंट पर अवैध रूप से कब्जा करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के लगभग एक महीने बाद जमानत मिली है।
न्यायमूर्ति अजय कुमार मुखर्जी ने तृणमूल नेता को इस शर्त पर जमानत दी कि वह जांच में सहयोग करेंगे और मामले में गवाहों को डराएंगे-धमकाएंगे नहीं।
मजूमदार को 3 जून को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने कोलकाता के पूर्वी हिस्से में सॉल्ट लेक स्थित एक फ्लैट पर कई साल से कब्जा कर रखा था और जब उसके मालिक ने उसे खाली करने या किराया देने के लिए कहा, तो उन्होंने उसे धमकी दी।
संपत्ति के मालिक का आरोप है कि मजूमदार ने 2014 में फ्लैट किराये पर लिया था, लेकिन इसे खाली करने के लिए बार-बार कहे जाने के बावजूद वह उसमें बने रहे। यह भी आरोप है कि किराया वसूलने या संपत्ति का कब्जा वापस लेने की कोशिशों पर उन्हें डराया-धमकाया गया।
पुलिस जब 5 जून को इस मामले की जांच के सिलसिले में मजूमदार को फ्लैट पर ले गई, तो लोगों ने उन पर अंडे फेंके।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश