कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल के एक पूर्व अंगरक्षक को गिरफ़्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने फ़रार पत्थर व्यापारी टुल्लू मंडल से जुड़े कर संबंधी मामले में बचने के लिए दस्तावेज़ों में हेराफेरी की थी।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीरभूम जिला पुलिस के एक विशेष जांच दल ने शनिवार को बोलपुर में सैगल हुसैन के फ्लैट की करीब 16 घंटे तक तलाशी ली, जिसमें 12.84 लाख रुपये नकद, लगभग 800 ग्राम सोना और जमीन के 150 से अधिक कागजात जब्त किए गए; इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान एक लैपटॉप और विदेशी मुद्राएं भी जब्त की गईं।
यह कार्रवाई उस विस्तृत जांच का हिस्सा थी जो टुल्लू मंडल के रिश्तेदार मिनार मंडल के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना (इनकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई थी) मिलने के बाद शुरू की गई थी।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि टुल्लू मंडल ने अपने पत्थर के कारोबार से जुड़ा सरकारी कर न चुकाकर काफी संपत्ति जमा की है। वे उन संपत्तियों और कीमती चीजों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं जिन्हें कथित तौर पर रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के जरिए छिपाया गया था।
गिरफ्तारी के बाद सैगल हुसैन को रविवार को सिउरी की एक अदालत में पेश किया गया जहां से उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
हालांकि, सैगल ने अदालत में दावा किया कि उसे मामले में फंसाने की साजिश की जा रही है।
इस बीच, मोहम्मद नजीबुद्दीन मंडल उर्फ टुल्लू मंडल ने शुक्रवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख कर उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने की मांग की। उस पर पत्थर खदान संचालन में फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश