चांदनी चौक के पास एक व्यक्ति से लूटपाट करने के दो आरोपी गिरफ्तार

चांदनी चौक के पास एक व्यक्ति से लूटपाट करने के दो आरोपी गिरफ्तार

चांदनी चौक के पास एक व्यक्ति से लूटपाट करने के दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: January 25, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: January 25, 2026 7:02 pm IST

नयी दिल्ली, 25 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में एक व्यक्ति का गला दबाकर लूटपाट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार यह घटना 21 जनवरी को उस समय हुई, जब पीड़ित खरीदारी के बाद आईएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, दोपहर तीन बजकर 40 मिनट पर कौड़िया पुल के पास तीन लोगों ने पीड़ित को रोका, उसका गला दबाया और नकदी व निजी सामान से भरा उसका बैग छीन लिया।

इसके बाद आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर फरार हो गए।

इस संबंध में कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी विश्लेषण, निरंतर निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने 22 जनवरी को गांधी मैदान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान अदनान उर्फ नन्हे (19) और कुंदन सिंह (25) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी का एक हिस्सा, पीड़ित का कपड़ों से भरा काला बैग और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आदिल की संलिप्तता का खुलासा किया, जो फिलहाल फरार है।

पुलिस के अनुसार, लूटी गई रकम आरोपियों के बीच बांट ली गई और बाद में खर्च कर दी।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी और शेष नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

भाषा खारी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में