दिल्ली के आरके पुरम में लूट के कई मामलों में शामिल दो लोग गिरफ्तार
दिल्ली के आरके पुरम में लूट के कई मामलों में शामिल दो लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के आरके पुरम इलाके में चोरी के कई मामलों में शामिल एक व्यक्ति और एक कबाड़ कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल उर्फ छोटा चिकन (23) आरके पुरम का निवासी है और पहले सेंधमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में उसके खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार दरियागंज क्षेत्र में डिलाइट सिनेमा के पास कबाड़ का व्यवसाय करने वाले उसके साथी उमरदीन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, उनके पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने और अन्य वस्तुएं बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि चार नवंबर को गश्त के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को भारी प्लास्टिक के बोरे के साथ देखा और जब उसे रुकने का इशारा किया गया, तो वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन थोड़ी देर में ही पकड़ा गया।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा, ‘‘जब बोरे की जांच की गई, तो उसमें एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायलें, अंगूठियां, सोने की अंगूठी, बालियां मिलीं। आरोपी ने इन वस्तुओं को आरके पुरम में घरों से चुराने की बात स्वीकार की है।”
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


