राजस्थान में ऑनलाइन परीक्षा में हेराफेरी करने के आरोप में दो साइबर जालसाज गिरफ्तार
राजस्थान में ऑनलाइन परीक्षा में हेराफेरी करने के आरोप में दो साइबर जालसाज गिरफ्तार
जयपुर, तीन अक्टूबर (भाषा) राजस्थान आतंकवाद निरोधक दस्ते और मादक पदार्थ रोधी कार्यबल ने झुंझुनू जिले में दो वांछित साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों में से प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस महानिरीक्षक (एटीएस) विकास कुमार ने कहा कि ये गिरफ्तारियां ‘ऑपरेशन एब्स विक्टर’ और ‘ऑपरेशन जॉली’ का हिस्सा हैं, जो राज्यों में संचालित संगठित परीक्षा-धोखाधड़ी नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए शुरू की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘यह अभियान उन गिरोहों को ध्वस्त करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो तकनीक का दुरुपयोग करते हैं और फर्जी कंप्यूटर लैब तथा दूरस्थ परीक्षा में हेराफेरी के माध्यम से उम्मीदवारों को धोखा देते हैं। निरंतर तकनीकी और खुफिया जानकारी ने हमें आरोपियों को पकड़ने में मदद की।’
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्ति कई शहरों में फर्जी नामों से कंप्यूटर सेंटर चलाते थे और ऑनलाइन परीक्षाओं में हेराफेरी करने या नकल कराने के लिए रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन, छिपे हुए कैमरे और नकली स्क्रीन का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने बताया कि यह गिरोह उम्मीदवारों से 1.5 लाख रुपये से 8 लाख रुपये तक वसूलता था।
एटीएस ने बताया कि जांच अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी और परीक्षा केंद्रों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर संदिग्धों का पता लगाया।
आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा आशीष सुभाष
सुभाष

Facebook


