झारखंड में सड़क हादसों में दो की मौत, पांच घायल

Ads

झारखंड में सड़क हादसों में दो की मौत, पांच घायल

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 07:46 PM IST

रामगढ़, छह सितंबर (भाषा) झारखंड के रामगढ़ और पलामू जिलों में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामगढ़ जिले की चुटुपालु घाटी में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।

रामगढ़ के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा के करीबी रिश्तेदार इस कार से रांची से रामगढ़ जा रहे थे और एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस उपाधीक्षक की मौसी सारा तबसुम (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायलों को रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उसने घायलों को बचाया और उन्हें रामगढ़ के अस्पताल भेजने का प्रबंध किया।

पलामू में रविवार को एक वाहन की टक्कर से एक स्कूटर सवार की मौत हो गई।

मोहम्मदगंज के क्षेत्राधिकारी रणवीर कुमार ने बताया, ‘‘स्कूटर सवार की पहचान शंभू कुमार के तौर पर हुई है, जो हैदरनगर-मोहम्मदगंज मेन रोड पर स्थित डाली गांव का रहने वाला था। वह अपने गांव से मेन रोड की ओर आ रहा था, तभी एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी।’’

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी।

क्षेत्राधिकारी ने कहा, ‘‘तत्काल राहत के तौर पर प्रशासन ने शंभू के परिवार को 10,000 रुपये नकद देने और संबंधित राशन डीलर को 50 किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। यह आश्वासन भी दिया गया कि सड़क दुर्घटना में मुआवजे के नियमों के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।’’

आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा दिया गया।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप