नोएडा (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) जिला गौतमबुद्ध नगर के थाना फेस-2 क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो कार और सब्जी लदे वाहन की टक्कर हो गई। इस घटना में 16 वर्षीय एक लड़के सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार की शाम को थाना फेस-2 क्षेत्र में सब्जी से भरे एक वाहन और एक स्कॉर्पियो कार में टक्कर हो गई। इसी बीच पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में सब्जी लदे वाहन पर बैठे 16 वर्षीय दीपक की मौके पर मृत्यु हो गई। वाहन चालक अशोक कुमार (56), आकाश (31), शंकर (24), राजवीर (50) तथा मोटरसाइकिल सवार अभिषेक राय (29) घायल हो गए।
प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर राजवीर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं शफीक
शफीक