करणी सेना के नेता हिमांशु सिहं की हत्या के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

Ads

करणी सेना के नेता हिमांशु सिहं की हत्या के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 03:35 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 03:35 PM IST

जमशेदपुर, 15 जुलाई (भाषा) करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या की जांच कर रहे झारखंड पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसके साथ ही इस मामले में अब तक 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (शहर) ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि सोमवार को राघवेंद्र कुमार उर्फ रवींद्र उर्फ घेरे (40) ने बिष्टुपुर थाने में आत्मसमर्पण किया था और उसे गणेश मचुआ के साथ औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसआईटी ने इससे पहले प्राथमिकी में नामज़द 14 आरोपियों को गिरफ़्तार किया था, जिनमें मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ़ बोदरा और ‘डबल डाउन बार’ के मालिक एवं भारतीय जनता पार्टी के झारखंड व्यापार प्रकोष्ठ के समन्वयक नीरज सिंह भी शामिल हैं। इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मीणा ने बताया कि पुलिस ने वह स्कूटर भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आरोपी ने अपराध करने के बाद भागने के लिए किया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मचुआ को आरोपियों को जरूरी सहायता प्रदान करने और उन्हें गिरफ्तारी से बचने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि मचुआ का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसे आबकारी अधिनियम के तहत दो बार जेल भेजा जा चुका है।

मीणा ने बताया कि इस बीच एसआईटी ने मामले में आगे की पूछताछ के लिए बोदरा और नीरज सिंह समेत कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।

बिष्टुपुर के ‘डबल डाउन बार’ के अंदर 27 जून की रात कहासुनी होने के बाद हमलावरों ने हिमांशु सिंह (28) और उनके दोस्त प्रत्यूष सिंह को कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी से बाहर खींच लिया और उन पर चाकू और कुल्हाड़ियों से हमला किया।

दो दिन बाद यहां टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष अब भी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश