पुडुचेरी में 13 दिन बाद कोविड-19 के दो नये मामले सामने आए
पुडुचेरी में 13 दिन बाद कोविड-19 के दो नये मामले सामने आए
पुडुचेरी, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 13 दिन बाद बुधवार को कोविड-19 के दो नये मामलों का पता चला है।
कराईकल के एक निजी मेडिकल कॉलेज की दो छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित पाईं गयी हैं। दोनों छात्राएं उन लोगों में शामिल थीं, जिनकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने जांच की थी।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी. श्रीरामुलु ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “ दोनों ही छात्राएं पृथकवास में थीं। दोनों के संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग कॉलेज के सभी विद्यार्थियों की जांच कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान 192 नमूनों की कोविड-19 जांच की गयी।
पुडुचेरी में कोविड-19 के दो नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,65,776 हो गयी है। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 के कारण किसी मरीज की मौत नहीं होने से मृतकों की संख्या 1,962 पर ही स्थिर है।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी. श्रीरामुलु ने बताया कि पुडुचेरी में संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,63,812 हो गई है।
प्रदेश में संक्रमण की दर 1.04 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। वहीं, संक्रमण से ठीक होने की दर 98.82 प्रतिशत है।
श्रीरामुलु ने बताया कि पुडुचेरी में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 16,59,090 खुराक दी जा चुकी हैं। प्रदेश में 6,82,364 लोग टीके की दोनों खुराक, जबकि 17,036 लोग टीके की बूस्टर खुराक ले चुके हैं।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत

Facebook


