धार (मप्र), 25 सितंबर (भाषा) मध्य प्रदेश के धार जिले में सरकारी छात्रावास में दो आदिवासी छात्रों की करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार रात को जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर रिंगनोद में राज्य अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ छात्र छात्रावास में हुई।
विभाग के सहायक आयुक्त बृजकांत शुक्ला ने बताया, ‘‘किसी खराबी के कारण छात्रावास में पानी की टंकी के पास बिजली का तार गिर गया। 17 वर्षीय विकास और आकाश नामक दो छात्र जब टंकी से पानी लेने गए, तो वे बिजली के तार के संपर्क में आ गए।’’
उन्होंने बताया कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दिमो सुरभि
सुरभि