तमिलनाडु में पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में दो श्रमिकों की मौत

Ads

तमिलनाडु में पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में दो श्रमिकों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 10:09 PM IST

थेनी (तमिलनाडु), 25 अप्रैल (भाषा) थेनी जिले में कुंबम के पास शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में दो श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह हादसा कट्टुपल्लीवासल रोड पर स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ।

मुथुलक्ष्मी के स्वामित्व वाली यह इकाई कथित तौर पर चुनाव की वजह से अवकाश के कारण पिछले चार दिनों से बंद थी और शनिवार सुबह ही काम के लिए फिर से खुली थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विस्फोट तब हुआ जब सूर्या (22) और दिनेश उर्फ ​​दीना (23) नामक दो श्रमिकों ने उस कमरे का दरवाजा खोला जहां कच्चा माल और रसायन रखे हुए थे।

विस्फोट से दोनों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो अन्य कर्मचारी (अय्यप्पन और नागार्जुन) उस संयंत्र में मौजूद थे और वे धमाके की तेज आवाज सुनने के तुरंत बाद परिसर से भाग गए जिससे वे बाल-बाल बच गए।

दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी आग बुझाने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने मृतक के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी थेनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा

शुभम माधव

माधव