अफसरों पर बरसे केंद्रीय मंत्री, बोले-फरीदाबाद नगर निगम को ‘लूट का अड्डा’ बना दिया है

Ads

अफसरों पर बरसे केंद्रीय मंत्री, बोले-फरीदाबाद नगर निगम को ‘लूट का अड्डा’ बना दिया है

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 10:32 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 10:32 PM IST

फरीदाबाद, 12 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मंगलवार को फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि उन्होंने नगर निकाय को “लूट का अड्डा” बना दिया है और इसके लिए सरकार को दोषी ठहराया जा रहा है।

फरीदाबाद में मंगलवार को आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान, गुर्जर ने नगर निगम के मुख्य अभियंता और अन्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और ‘अनियमितताओं’ में कथित रूप से संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने ‘एक्स’ पर बैठक का कथित वीडियो साझा किया, जिसमें गुर्जर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हुड्डा ने सरकार और नगर निगम के अधिकारियों पर निशाना साधते हुए लिखा, “हमारा क्या कसूर है : जनता।”

कथित वीडियो में सहकारिता राज्य मंत्री गुर्जर को यह आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है कि ठेकेदारों के माध्यम से नगर निगम की निधि का गबन किया जा रहा है।

इसमें मंत्री कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, “इंटरलाकिंग टाइल और सीवर के ढक्कनों की खराब गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। नगर निगम की बनाई सड़कें अपने निर्धारित उद्देश्य को पूरा करने से पहले ही टूट जा रही हैं। पेड़ लगाने के लिए लाखों के बिल बनाए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर एक भी पेड़ नहीं है। 10 करोड़ रुपये के पेड़ गायब हैं। और इन सबका दोष सरकार पर मढ़ा जा रहा है।”

कथित वीडियो में गुर्जर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं, “मेरी बात याद रखना, यह जनता का पैसा है। जो पाप की कमाई तुम खा रहे हो, तुम्हें कीड़े पड़ेंगे और तुम्हारी औलादें भी भुगतेंगी। नगर निगम को लूट का अड्डा बना दिया है। ऊपरवाला देख रहा है, तुम्हारी औलादें भुगतेंगी और तुम खुद भुगतोगे।”

जब बैठक में मावई गांव के पास सड़क बंद होने का मुद्दा उठाया गया, तो मंत्री ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

गुर्जर ने पूछा कि स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से परामर्श किए बिना सड़क कैसे बंद कर दी गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी का भी रास्ता जबरदस्ती नहीं रोका जा सकता।

गुर्जर ने नगर निगम आयुक्त और जिला आयुक्त को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया।

कांग्रेस के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर बैठक का वीडियो साझा करते हुए हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सिंह ने लिखा, “फरीदाबाद से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर की ओर से दिशा समिति की बैठक में दिया गया बयान हरियाणा में व्याप्त भ्रष्टाचार की स्वीकारोक्ति है।”

उन्होंने कहा, “आम जनता की ओर से कर के रूप में चुकाई जाने वाली धनराशि भ्रष्टाचार में बर्बाद हो रही है। इसके लिए जिम्मेदार कोई और नहीं, बल्कि भाजपा है, जो पिछले 12 वर्षों से सत्ता में है, मंत्री जी।”

सिंह ने कहा, “असल भ्रष्टाचार सरकार की नाक के नीचे, सरकार की जानकारी में हो रहा है, लेकिन आपकी सरकार ने ईडी/सीबीआई/आयकर विभाग को विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए तैनात कर रखा है।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप