बस्ती: बस्ती जिले में पुलिस अधीक्षक और थानेदार समेत सात लोगों को कथित तौर पर गोली मारने की धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी सिपाही को पुलिस अधीक्षक ने बर्खास्त कर दिया है। बस्ती के पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने कप्तानगंज थाने में तैनात रहे सिपाही दिग्विजय राय को अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, तैनाती के दौरान कई बार सिपाही पर अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई की गई है।
एएसपी रवीन्द्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि थाना कप्तानगंज मे सिपाही दिग्विजय राय तैनात था जिसे अनुशासनहीनता के कारण निलंबित किया गया था। बीते तीन और चार दिसंबर को पुलिस लाइन में भी उसने अधिकारियों के प्रति अमर्यादित बात कही और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बातें पोस्ट कीं। एएसपी ने बताया कि इसके बाद उसके परिजनों को बुलाया गया और समझा-बुझाकर उसे पांच दिन के लिए घर भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने दोबारा नौ और 10 दिसंबर को पुलिस लाइन में हंगामा किया और अधिकारियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस लाइन की कुर्सी तोड़ी और फिर फेसबुक पर आमर्यादित पोस्ट डाली, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक ने सिपाही को बर्खास्त कर दिया है।
Read More: कर्जदाताओं को बड़ी राहत, पैसे नहीं चुका पाने पर समाधान के लिए लगा सकते हैं अर्जीः RBI