नोएडा, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की नोएडा इकाई ने 15 हजार करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान हिसार निवासी बलदेव उर्फ बल्ली (38) के रूप में हुई है। उस पर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की ओर से 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह थाना सेक्टर-20 में वर्ष 2023 में दर्ज एक मुकदमे सहित तीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने वर्ष 2012 में पंजाब विश्वविद्यालय से एमबीए किया था। पढ़ाई के बाद उसने हिसार में मेडिकल स्टोर खोला, लेकिन घाटा होने पर कारोबार बंद कर दिया। वर्ष 2014 में वह पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी अर्चित गोयल से हुई। संपर्क बढ़ने के बाद पैसों के लालच में आकर उसने कथित रूप से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) फर्जीवाड़े के नेटवर्क में प्रवेश किया।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी हिसार स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने के बाद टीम हरियाणा रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से रविदास चौक, डोगरान मोहल्ला, हिसार में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना सेक्टर-20 लाया गया, जहां उसे संबंधित मुकदमों में दाखिल किया गया है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी फर्मों के नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस बैंक खातों, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, शेल कंपनियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। आशंका है कि इस नेटवर्क में कई राज्यों के लोग शामिल हो सकते हैं।
भाषा
सं, रवि कांत रवि कांत