उप्र : सीबीटी परीक्षा में ‘सॉल्वर’ बैठाने के आरोप में प्रधानाचार्य समेत 11 लोग गिरफ्तार
उप्र : सीबीटी परीक्षा में ‘सॉल्वर’ बैठाने के आरोप में प्रधानाचार्य समेत 11 लोग गिरफ्तार
प्रयागराज, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने नैनी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा के सैद्धांतिक विषय की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में परीक्षार्थियों से रकम लेकर उनके स्थान पर ‘सॉल्वर’ बैठाकर सामूहिक नकल कराने के आरोप में प्रधानाचार्य समेत 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में प्रधानाचार्य अशोक कुमार के अलावा पांच सॉल्वर – शिवम कुमार, रणविजय सिंह, जय सिंह, जितेंद्र पटेल और दिलीप कुमार – परीक्षा प्रभारी रवि प्रकाश और चार अनुदेशक- फूल प्रकाश, धीरज कुमार, राजेश कुमार एवं राजकुमार मौर्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ की टीम ने परीक्षा केंद्र से पांच प्रवेश पत्रों की छाया प्रति, पांच मॉनिटर, पांच सीपीयू, पांच कीबोर्ड, पांच माउस, 5.10 लाख रुपये नकद, परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
अधिकारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि 11 जुलाई से आठ अगस्त तक तीन पालियों में आयोजित सीबीटी परीक्षा में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा धन लेकर सामूहिक नकल कराई जा रही है और मूल परीक्षार्थियों की जगह ‘सॉल्वर’ को बैठाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने परीक्षा केंद्र पर दबिश दी और मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर सॉल्वर को परीक्षा देते हुए पाया।
पूछताछ में अभियुक्त रवि प्रकाश ने बताया कि प्रधानाचार्य द्वारा उसे परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि जो परीक्षार्थी कमजोर हैं, उनसे पैसा लेकर उनके स्थान पर अलग कमरे में सॉल्वर बैठाकर परीक्षा कराई जा रही थी।
इन आरोपियों के खिलाफ नैनी थाने में बीएनएस की धाराओं और उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
भाषा राजेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


