एटा (उप्र), पांच मार्च (भाषा) एटा जिले के जलेसर क्षेत्र में अपनी पत्नी के मायके से न आने से क्षुब्ध एक युवक ने तमंचे से गोली मारकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जलेसर थाना क्षेत्र के पुन्हेरा गांव में बुधवार को होली की देर रात दुष्यंत (32) ने तमंचे से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक तमंचा बरामद किया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, दुष्यंत पिछले कई महीनों से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी करीब 10 माह से मायके में रह रही थी जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
ग्रामीणों के अनुसार आशंका है कि इसी वजह से उसने खुदकुशी की है।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
भाषा सं सलीम मनीषा
मनीषा