देहरादून, नौ जुलाई (भाषा) उत्तराखंड विशेष कार्य बल (एसटीएफ), पुलिस और आबकारी विभाग ने एक संयुक्त अभियान में बृहस्पतिवार को उधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र से प्रतिबंधित रसायनों से भरे 108 ड्रम बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि टीम ने किच्छा के लालपुर इलाके स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर वहां रखे ड्रमों से करीब 15,650 लीटर प्रतिबंधित रसायन एथेनॉल, ग्लूकोज और सॉर्बिटोल बरामद किए।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान गोदाम में रासायनिक पदार्थों से भरे 108 ड्रम बरामद हुए जबकि 78 अन्य ड्रम खाली थे।
अधिकारियों के मुताबिक, भरे ड्रमों में करीब 9050 लीटर एथेनॉल, 2600 लीटर ग्लूकोज और 4000 लीटर सॉर्बिटोल बरामद हुए, जो सभी प्रतिबन्धित श्रेणी में आते हैं।
उन्होंने बताया कि एथेनॉल का उपयोग शराब बनाने, ग्लूकोज का उपयोग टॉफी एवं खाद्य पदार्थ बनाने और सर्बीटॉल का उपयोग कफसिरप व दवाइयां बनाने में किया जाता है।
पुलिस ने बताया कि इस अवैध गोदाम का मालिक किच्छा निवासी राजकुमार खुराना है।
अधिकारियों ने बताया कि आबकारी टीम द्वारा सभी रसायनों का नमूना लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया और गोदाम को सील कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र