देहरादून, 26 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में स्कूटर सवार महिला के कथित अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने शनिवार को 19 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपहरण के प्रयास का यह मामला लेन-देन को लेकर विवाद में महिला को डराने-धमकाने का निकला।
देहरादून की पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलोनी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पौने सात बजे नाला पानी चौक पर हुई घटना के संबंध में रायपुर क्षेत्र की रहने वाली चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि काले रंग की कार से घटना को अंजाम देने आए आरोपी युवती के चार अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि घटना के समय 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपनी बेटी को कॉलेज की बस तक छोड़ने के बाद स्कूटर से कानन कुंज स्थित अपने घर लौट रही थीं।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान अचानक एक कार उनके स्कूटर के आगे रुकी और वाहन में सवार युवकों ने उन्हें कार के अंदर खींचने का प्रयास किया।
जया ने बताया कि महिला के शोर मचाने पर मौके पर लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि वर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
उन्होंने बताया कि लगातार प्रयास के बाद पुलिस चाहत तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जया ने बताया कि पूछताछ में उसके चार अन्य साथियों दीपक पासवान, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चाहत ने बताया कि उसने व पासवान ने अठूरवाला क्षेत्र के भानियावाला में सुषमा वर्मा की डेयरी का साढ़े सात लाख रुपये में सौदा किया था और इसके लिए उन्होंने पांच लाख रुपये नकद भुगतान किया था। अधिकारी के मुताबिक, चाहत ने बताया कि सौदे के समय उसे बताया गया था कि गायें प्रतिदिन 150 लीटर दूध देती हैं लेकिन बाद में पता चला कि दूध का उत्पादन बहुत कम है।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद चाहत ने सुषमा वर्मा से अपने रुपये वापस मांगे। पुलिस के मुताबिक, रुपये लौटाने में आनाकानी करने पर चाहत और पासवान ने सुषमा को डराकर पैसे वसूलने की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि इसके लिए उन्होंने तीन अन्य युवकों को भी साथ लिया, लेकिन महिला के शोर मचाने पर लोग मौके पर एकत्र हो गए और सभी आरोपियों को वहां से भागना पड़ा।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र