उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने हिंदू नववर्ष के मौके पर पंचांग कैलेंडर जारी किया
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने हिंदू नववर्ष के मौके पर पंचांग कैलेंडर जारी किया
देहरादून, 19 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिन्दू नववर्ष के मौके पर बृहस्पतिवार को पंचांग कैलेंडर जारी किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित इस कैलेंडर का यहां जारी करने के बाद इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने एवं जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है।
धामी ने कहा, “यहां की परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि यह हमारी जीवनशैली, सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न अंग है। ऐसे में पंचांग कैलेंडर का प्रकाशन राज्य की इस गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर राज्यवासियों को न केवल तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व एवं विशेष दिवसों की सटीक जानकारी प्रदान करेगा बल्कि पारंपरिक त्यौहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों की महत्ता से भी अवगत कराएगा।
धामी ने कहा कि इस पंचांग में प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था स्थलों को विशेष रूप से स्थान दिया गया है और इस प्रकार यह कैलेंडर एक जानकारीपरक दस्तावेज होने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने वाला प्रेरणादायक संकलन भी है।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


