उत्तराखंड : शिक्षा निदेशक से मारपीट की घटना में शामिल चार आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखंड : शिक्षा निदेशक से मारपीट की घटना में शामिल चार आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 23 फरवरी (भाषा) भाजपा विधायक उमेश शर्मा काउ की मौजूदगी में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ कथित मारपीट तथा उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना में शामिल चार आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने यह जानकारी दी ।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, प्राप्त साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर, शनिवार को हुई घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया । इन आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली भी शामिल है ।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के नाम लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा हैं । पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं ।
एक स्कूल का नाम, उसके लिए भूमि दान देने वाले परिवार के बुजुर्ग के नाम पर रखे जाने के मामले को लेकर रायपुर क्षेत्र के विधायक काउ अपने समर्थकों के साथ नौडियाल के कार्यालय पहुंचे थे जहां कहासुनी के बाद बात तोड़फोड़ और मारपीट तक पहुंच गयी । कार्यालय में रखी कुर्सियां तथा अन्य सामान इधर—उधर फेंके गए और अराजकता की स्थिति पैदा हो गयी ।
घटना में नौडियाल घायल हो गए और उनकी आंख के आसपास चोटें भी आयीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा ।
बाद में, उन्होंने पुलिस थाना रायपुर में विधायक तथा उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । एक अन्य मुकदमा विधायक के गनर की ओर से भी अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया ।
भाषा दीप्ति
मनीषा
मनीषा

Facebook


