उत्तराखंड : देहरादून में युवती की हत्या के प्रकरण में खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी निलंबित

Ads

उत्तराखंड : देहरादून में युवती की हत्या के प्रकरण में खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी निलंबित

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 06:27 PM IST

देहरादून, तीन फरवरी (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े एक युवती की हत्या के मामले में प्रथमदृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में मंगलवार को खुड़बुड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रद्युम्न नेगी को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने यह कार्रवाई नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा मामले के संबंध में सौंपी गयी प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की है जिसमें प्रथम दृष्टया नेगी की लापरवाही सामने आयी है।

पुलिस के मुताबिक, नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एसएसपी के अनुसार शहर के व्यस्त मच्छी बाजार में सोमवार को 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव की एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद आरोपी आकाश कुमार (27) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि हत्या से दो दिन पहले गुंजन ने आकाश द्वारा उसे परेशान किए जाने के संबंध में पुलिस को एक शिकायत भी दी थी। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस उसे ढूंढ रही थी लेकिन वह अपना मोबाइल फोन बंद करके अपने घर से लापता हो गया तथा काम पर भी नहीं गया।

उन्होंने बताया कि दो दिन बाद हालांकि आरोपी आकाश ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर गुंजन को मौत के घाट उतार दिया जिससे मृतका की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करने के लिए पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि गुंजन और आरोपी आकाश दोनों बाजार में अलग-अलग दुकानों पर काम करते थे तथा उनके बीच पिछले तीन साल से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था। आकाश के विवाहित होने की बात पता चलने के बाद गुंजन ने उससे बात करनी बंद कर दी थी।

भाषा

दीप्ति रवि कांत