उत्तराखंड के पौड़ी में तेंदुए के हमले में ग्रामीण की मौत
उत्तराखंड के पौड़ी में तेंदुए के हमले में ग्रामीण की मौत
पौड़ी, 10 मार्च (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के जामला गांव के पास तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना सोमवार देर शाम जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर हुई जहां तेंदुए ने घात लगाकर प्रकाश लाल (48) पर हमला किया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।
अधिकारियों ने बताया कि निकटवर्ती चिवालु गांव का रहने वाला प्रकाश लाल राजमिस्त्री था और घटना के समय वह किसी दूसरे गांव से काम करके अपने गांव लौट रहा था।
उन्होंने बताया कि जैसे ही वह जामला गांव के पास पहुंचा, तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर 50 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया।
ग्रामीणों को मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद खोजबीन करने पर उन्हें सड़क के नीचे झाड़ियों में प्रकाश लाल का शव दिखा।
अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल पर मृतक का खून बिखरा हुआ था और उसे सड़क व रास्ते पर घसीटे जाने के निशान मिले हैं।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, जिसे आक्रोशित लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने वन कर्मियों को बंधक भी बना लिया जिन्हें तेंदुए को पकड़ने के उच्च अधिकारियों के आश्वासन के बाद मुक्त किया गया।
गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने, बेहोश करने या ऐसा न हो पाने की स्थिति में उसे मारने का आदेश मिला है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया गया है तथा कैमरे भी स्थापित कर दिए गए हैं।
यादव ने कहा कि तेंदुए को बेहोश करने के लिए जल्दी ही टीम तैनात की जाएगी। इस बीच, पीड़ित परिवार को हर्जाना दिए जाने की कार्यवाही भी की जा रही है।
भाषा सं दीप्ति
जोहेब
जोहेब

Facebook


